सुंदरकांड पर प्रख्यात भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे की संगीतमयी प्रस्तुति आज जमशेदपुर के तुलसी भवन में

Share this News

जमशेदपुर : सुंदरकांड गायन की विशिष्ट शैली के लिए विख्यात मुंबई निवासी भजन गायक पंडित प्रेम प्रकाश दुबे (प्रयाग राज के मूल निवासी) की संगीतमयी प्रस्तुति के सागर में डुबकी लगाएंगे जमशेदपुर के धर्मप्रेमी.

लौहनगरी के हृदय स्थल बिष्टुपुर स्थित पूर्वी सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन तुलसी भवन के सभागार में प्रेम प्रकाश दुबे का कार्यक्रम 20 दिसंबर सोमवार को आयोजित किया गया है.

तुलसी भवन के अध्यक्ष व समाजसेवी सुभाष मूनका ने बताया कि प्रेम प्रकाश दुबे और उनकी टीम द्वारा की जानेवाली सुंदरकांड की संगीतमयी प्रस्तुति से उपस्थितजन भावविभोर हो जाते हैं.इस बार शहर के लोगों को भी इस प्रख्यात भजन गायक को सुनने का अवसर प्राप्त हो रहा है.

प्रेम प्रकाश दुबे न सिर्फ संगीतमय सुंदरकांड पाठ करेंगे बल्कि हनुमान चालीसा पर व्याख्यान भी देंगे. प्रेम प्रकाश दुबे को यू-ट्यूब पर 2.5 लाख लोग नित्य सुनते हैं.

तुलसी भवन में यह कार्यक्रम शाम चार बजे प्रारंभ होगा और सात बजे तक चलेगा. इसमें प्रवेश के लिए किसी प्रकार का पास जरूरी नहीं है. कोई भी भक्त इस कार्यक्रम में शामिल हो सकता है.

इन्होंने भक्तिमय गीतों में पारंगत रविंद्र जैन एवं अनुराधा पौडवाल के साथ भी कई वर्षों तक काम किया है. पंडित प्रेम प्रकाश दुबे को प्रयागरत्न से सम्मानित किया जा चुका है.

प्रेम प्रकाश दुबे ने अभी तक अखंड रामचरितमानस, श्रीमद्भागवत गीता, दुर्गा सप्तशती, विष्णु सहस्त्रनाम सहित 22 सहस्त्रनाम और लगभग 5 हजार से अधिक संस्कृत भाषा के श्लोकों का गायन किया है। प्रेमप्रकाश दूबे 26 वर्ष से मुंबई रहते हैं। उनके पिता स्व. पंडित द्वारिका प्रसाद दुबे संगीतकार पद्मश्री डॉक्टर रवींद्र जैन के शिष्य थे.

बताते चलें कि संगम नगरी प्रयागराज के मूल निवासी संगीतकार और गायक प्रेम प्रकाश दुबे ने देश के 211 नामचीन गायकों के साथ अत्मनिर्भर भारत थीम पर तैयार गाने को गाकर मान बढ़ाया है। इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन द्वारा मुंबई में रिकॉर्ड किया गया यह गीत 14 भाषाओं में गाया गया है।

इसे देश के 211 गायक गायिकाओं ने अपनी आवाज दी है। गीत 6 मिनट और कुछ सेंकेंड्स का है। इसे लिखा है फिल्म जगत को प्रतिष्ठित गीतकार प्रसून जोशी और संगीत शंकर महादेवन ने दिया है।

इस गीत में पद्मविभूषण आशा भोंसले ,अलका याग्निक, कविता कृष्णमूॢत, अनुराधा पौडवाल, पद्मभूषण उदित नारायण ,कुमार सानू, सुरेश वाडेकर, सोनू निगम, शान, शैलेन्द्र सिंह, ऋचा शर्मा, एसपी बालासुब्रमण्यम, कौशिकी चक्रवर्ती, अनूप जलोटा, पंकज उदास, हरिहरन, कैलाश खेर, श्रीनिवासन, शंकर महादेवन सहित भारत के लगभग सभी मशहूर गायकों ने आवाज दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *